अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। यदि आप नगर निगम से मिल रहे पानी को पी रहे हैं तो अलर्ट हो जाएं। कुफरी और छराबड़ा के बाद शहर के कुछ और इलाकों में भी गंदे पानी की सप्लाई होने का खुलासा हुआ है। अब विवादों में रही अश्वनी पेयजल परियोजना के तीन ट्यूबवेल और संजौली स्थित टैंक से लिए गए पानी के सैंपल फेल हो गए हैं।
आईजीएमसी की रिपोर्ट के अनुसार अश्वनी खड्ड स्थित चार में से तीन ट्यूबवेल का पानी पीने लायक नहीं है। इन ट्यूबवेल से निगम ने इसी महीने शहर के लिए पानी की लिफ्टिंग शुरू की थी। इसका करीब एक एमएलडी पानी पंथाघाटी, कसुम्पटी, विकासनगर, मैहली, सरघीण आदि इलाकों के हजारों लोगों को सप्लाई हो रहा है।
18 और 19 मई को इन ट्यूबवेल से पानी के सैंपल लिए गए थे, जो सही नहीं पाए गए हैं। वहीं, निगम का दावा है कि ट्यूबवेल के बिना ट्रीट किए गए पानी के सैंपल फेल हुए हैं। जो पानी लोगों को दिया जा रहा है, उसे, कसुम्पटी स्थित टैंक में ट्रीट किया जाता है। हालांकि, निगम भी मानता है कि टैंक तक साफ पानी नहीं पहुंच रहा है।
---
संजौली टैंक से लिए सैंपल भी फेल
संजौली स्थित पेयजल टैंक से लिए गए सैंपल भी फेल हो गए हैं। इसमें गुम्मा और गिरि का पानी सप्लाई होता है। पिछले हफ्ते भी इसका पानी पीने लायक नहीं पाया गया था। निगम का कहना है कि इसकी भी क्लोरीनेशन बढ़ा दी गई है।
---
ट्यूबवेल के पानी पर हो चुका है विवाद
अश्वनी खड्ड स्थित ट्यूबवेल के पानी से सप्लाई को लेकर माकपा निगम और सरकार का विरोध कर चुकी है। पूर्व महापौर संजय चौहान ने सप्लाई शुरू करने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। इनका कहना है कि लोगों को पेयजल संकट में गंदा पानी पिलाया जा रहा है, इसकी लिफ्टिंग बंद होनी चाहिए। साल 2015 में पीलिया फैलने के बाद इसका पानी बंद किया गया था। तीन साल बाद पुणे से रिपोर्ट आने के बाद निगम ने दोबारा इसकी सप्लाई शुरू की है।
इनसेट
लंबीधार टैंक के दूसरे सैंपल पास
उधर, लंबीधार टैंक से लिए गए दूसरे सैंपल सही पाए गए हैं। 17 मई को लिए गए सैंपल फेल पाए गए थे लेकिन दोबारा लिए गए सैंपल सही पाए गए हैं। इस टैंक का पानी छराबड़ा, कुफरी और फागू इलाके में सप्लाई होता है।
मंगलवार को बुलाई बैठक
शहर के टैंकों में पानी की सही ट्रीटमेंट की जा रही है। लोगों को साफ पानी ही दिया जा रहा है। जिनके सैंपल सही नहीं आ रहे, उनसे तुरंत दूसरे सैंपल भी ले रहे हैं। मगलवार को अधिकारियों से बातचीत कर अपडेट लिया जाएगा।
राकेश शर्मा, उप महापौर नगर निगम