संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। पुलिस लाइन भराड़ी में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षण 27 नवंबर से शुरू होगा। यह प्रक्रिया पांच दिसंबर तक चलेगी। इसमें 9,151 अभ्यर्थी अपनी शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। इनमें 2,707 महिला और 6,444 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।
भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग बुधवार को भी तैयारियों में जुटा रहा। अभ्यर्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए शारीरिक परीक्षण चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने ई-कॉल लेटर में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर पहुंचें, ताकि परीक्षण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।