अमर उजाला ब्यूरो
शिमला।
राजधानी के राजकीय कन्या महाविद्यालय में 31 अगस्त से लेकर 5 सितंबर तक पेंटिंग और कामर्शियल आर्ट विभाग की कार्यशाला के दौरान छात्राओं द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की बुधवार को प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यशाला में शामिल हुई कॉलेज की 18 छात्राओं के बनाए गए चित्र और मूर्तियों को प्रदर्शित किया गया। चित्रों को छात्राओं और शिक्षकों ने खूब सराहा। कॉलेज प्राचार्या डॉ. नम्रता टिक्कु ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यशाला के सफल आयोजन पर शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का मूल उद्देश्य छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है। कलाकृतियों में महिला सशक्तिकरण, प्रदेश का प्राकृतिक सौंदर्य, नदियों और पहाड़ों को कैनवास पर उकेरा था। कार्यशाला में आए एक्सपर्ट और प्रोफेशनल आर्टिस्ट स्माइल धालीवाल ने पोस्टर मेकिंग, नीरज जांगरा ने मूर्तिकला, प्रो. चमन शर्मा ने स्पॉट पेंटिंग, डॉ. मुजीब हुसैन ने कैरीकैचर और डॉ. ज्योति पांडे ने रंगोली बनाना सिखाया। कलाकृतियां बनाने वाली छात्राओं में आदिति, सुषमा, शिवानी, अमिशा, नीतिका, कनिका, डिंपी, प्रीति, पूजा, डिंपल, शिवानी, सपना, महापारा, अंजली, सुमन, जमुना, रुचि और रागिनी शामिल थी।
-----------
स्कै च आर्टिस्ट छात्रा जमुना ने प्राचार्य को भेंट किया स्कैच
शिमला। कॉलेज की बहुमुखी प्रतिभा की मालिक छात्रा जमुना ने स्पाट पर ही कॉलेज की प्राचार्य डॉ. नम्रता टिक्कु का स्कैच बनाकर उन्हें भेंट किया। इस पर प्राचार्य ने छात्रा की कला की सराहना की।