शिमला। वीकेंड पर हिल्सक्वीन एक बार फिर सैलानियों से गुलजार हो गई है। भारी संख्या में सैलानी वीकेंड पर शिमला पहुंचे हैं। पिछले 24 घंटों में शोघी बैरियर से 10 हजार वाहनों ने प्रवेश किया। शहर के होटलों में रविवार को 90 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी रही। शहर में सैलानियों का भारी हुजूम उमड़ने के बाद 11:30 बजे लिफ्ट कार पार्किंग पैक हो गई। माल रोड की लिफ्ट के बाहर भी भारी रश रहा। शिमला से सैलानियों ने कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा का भी रुख किया। सैलानियों की आमद में भारी इजाफे के बाद पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। सैलानियों ने अगले वीकेंड के लिए भी एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है।
वीकेंड पर चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। रविवार को 11:30 बजे सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास स्थित बहुमंजिला पार्किंग पैक हो गई जिसके बाद एंट्री गेट पर नो पार्किंग का बोर्ड लगाना पड़ा। सर्कुलर रोड पर जाम लगने के बाद पुलिस अधिकारियों को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। सर्कुलर रोड से माल रोड को जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर भी रविवार को दिनभर सैलानियों की भीड़ रही।
दिनभर सर्कुलर रोड पर बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती रही। डीएसपी ट्रैफि क शिमला अजय भारद्वाज ने बताया कि वीकेंड पर सैलानियों की भारी आमद के चलते ट्रैफि क व्यवस्था बहाल रखने के लिए 2 शिफ्टों में 204 जवान ड्यूटी दे रहे हैं। 25 बाइक राइडरों और क्यूआरटी की भी मदद ली जा रही है।