हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की खटारा हो चुकीं जीरो बुक वैल्यू बसों में अब यात्रियों को सफर नहीं करना पड़ेगा। एचआरटीसी के शिमला डिवीजन को टाटा मारकोपोलो की 90 नई बसें मिली हैं।
नई बसें आने के बाद परिवहन निगम ने जीरो बुक वैल्यू बसें रिप्लेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निर्धारित क्षमता से अधिक दूरी तय कर चुकीं एचआरटीसी की जीरो बुक वैल्यू बसें जल्द ही ऑक्शन कर सड़कों से हटा दी जाएंगी।
जून में ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू होगी। एचआरटीसी के शिमला डिवीजन को 90 नई बसें मिल चुकी हैं जबकि शिमला डिवीजन में जीरो बुक वैल्यू बसों की संख्या 150 से अधिक है।
शिमला डिवीजन के तहत शिमला लोकल, तारादेवी, शिमला ग्रामीण, रामपुर, रोहड़ू, सोलन, नाहन, रिकांगपिओ डिपो को मांग के अनुरूप बसें उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
नई बसों के संचालन से जहां यात्रियों को खटारा बसों में सफर करने से छुटकारा मिलेगा वहीं पुरानी बसों की मेंटेनेंस का खर्चा कम होने से निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
इसी माह मिलेंगी डेढ़ सौ और नई बसें
मई अंत तक एचआरटीसी को 150 और नई बसें मिलेंगी। एचआरटीसी को अभी तक कुल 350 बसें मिली हैं। निगम को कुल 500 बसें मिलनी हैं। निगम के अधिकारियों का कहना है कि इसी माह बाकी 150 बसें भी एचआरटीसी को मिल जाएंगी।