दुनिया के सबसे बड़े रोबोटिक्स प्रशिक्षण को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में पंजीकरण के लिए शनिवार को आधुनिक पब्लिक स्कूल सिद्धबाड़ी में बच्चों ने रोबोट बनाना सीखा। एक दिवसीय प्रशिक्षण में क्षेत्र के 884 विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोट को असेंबल करने की जानकारी दी गई। आल इंडिया काउंसिल फॉर रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन (आइक्रा) के विश्व के सबसे बड़े रोबोटिक्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आर्मी पब्लिक स्कूल योल के एसओ कर्नल संदीप रोहिल्ला ने किया।
आल इंडिया काउंसिल फॉर रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन (आइक्रा) नई दिल्ली से असद ओमैर, सुमित चटर्जी, मोहम्मद हुजैफा और प्रसनजीत गौर ने बच्चों को प्रशिक्षण दिया। ऐशनेट कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक निदेशक आशीष भगोरिया ने बताया कि एक दिवसीय प्रशिक्षण में आधुनिक पब्लिक स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल योल, बीडी डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल धर्मशाला, जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा, डीएवी पब्लिक स्कूल रैहन, डी मोंट्रिअल कॉन्वेंट स्कूल बारी, तिब्बतियन चिल्ड्रेंस विलेज स्कूल गोपालपुर और दयानंद मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि एक दिवसीय प्रशिक्षण हिमाचल सहित भारत के विभिन्न शहरों नई दिल्ली, जयपुर, मुंबई, हैदराबाद, गुवाहाटी, बंगलूरू, चेन्नई, गुजरात, कोयंबटूर, अहमदाबाद, बड़ौदा, दीमापुर, कोच्चि, कोहिमा में आयोजित किया गया। इसमें 40,000 छात्रों को एक बाधा अवरोधक रोबोट को असेंबल करने और चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर आधुनिक पब्लिक स्कूल की नीलम शरोतरी और अनीता वर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहीं।