ऊना। पुलिस थाना सदर ऊना के तहत पुराना होशियारपुर सड़क के किनारे बने गाड़ियों के सर्विस स्टेशन से 84 बोतल देसी शराब पकड़ी है। पुलिस ने इस संबंध में सर्विस स्टेशन के मालिक के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 11ः30 बजे थाना सदर पुलिस की टीम झलेड़ा में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि पुराना होशियारपुर सड़क के किनारे गाड़ियों के सर्विस स्टेशन में बनी एक टीन की शेड में भारी मात्रा में शराब की खेप है और यहां अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। इसपर पुलिस टीम ने सर्विस स्टेशन पर दबिश दी और मौके से 84 बोतल देसी शराब की बरामद की।
पूछताछ में संतोषजनक जवाब न दे पाने पर पुलिस ने सर्विस स्टेशन के मालिक प्रीतपाल उर्फ सोनू निवासी वार्ड-1 नजदीक आईएसबीटी ऊना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि मामले की आरोपी से पूछताछ जारी है। यह खेप आरोपी कहां से लाया और कब से यह धंधा कर रहा था, इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।