अब उच्च स्तरीय केंद्रीय दल करेगा गिरिपार का दौरा
रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया ने सांसद को दिलाया भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित होने की उम्मीद जगी है। सांसद वीरेंद्र कश्यप के प्रयासों के बाद रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय केंद्रीय दल गिरिपार क्षेत्र का दौरा करेगा। उनकी सकारात्मक रिपोर्ट के बाद ही क्षेत्र की 127 पंचायतों के हाटी समुदाय के करीब पौने तीन लाख लोगों की पांच दशक पुरानी मांग के पूरे होने की राह आसान हो पाएगी।
गौरतलब हो कि सांसद वीरेंद्र कश्यप ने 5 जनवरी को प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था जिसमें उन्होंने गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा देने की दिशा में संबंधित विभागों द्वारा उचित कार्रवाई न करने की बात कही थी। इसके बाद वह स्वयं रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया शैलेश कुमार से मिले थे जिस पर शैलेश कुमार ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उनके नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय दल गिरिपार क्षेत्र का दौरा करेगा और अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को देगा। उधर, हाटी समिति राजगढ़ की एक बैठक अध्यक्ष जयप्रकाश चौहान के नेतृत्व में आयोजित हुई। इस दौरान समिति सलाहकार चंद्रमोहन भी उपस्थित रहे।
बैठक में रजिस्ट्रार जनरल आम्फ इंडिया के प्रस्तावित दौरे पर चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि उनके दौरे के दौरान उनका हाटी संस्कृति से अवगत करवाते हुए स्वागत किया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष सुंदरसिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष रतन ठाकुर, पृथ्वीराज, रविंद्र वर्मा, विजय भारद्वाज, कृष्णदत्त शर्मा, दुर्गासिंह ठाकुर, जगदीश वर्मा व वेदप्रकाश ठाकुर सहित काफी लोग उपस्थित थे।
----