शिमला। हिल्स क्वीन शिमला में न्यू ईयर इव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिमला के होटलों की ऑनलाइन बुकिंग जोरों पर है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने न्यू ईयर इव के लिए स्पेशल पैकेज जारी किए हैं। 31 दिसंबर को शिमला के होटलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान शिमला क्वीन भी चुनी जाएगी। शहर के पर्यटन कारोबारियों को न्यू ईयर पर शहर में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। एचपीटीडीसी ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए न्यू ईयर को लेकर स्पेशल पैकेज जारी किए हैं। एचपीटीडीसी के महाप्रबंधक विजय शर्मा ने बताया कि निगम के होटलों में 31 दिसंबर की रात मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए एचपीटीडीसी शिमला के प्रतिष्ठित होटल ट्रिपल एच और पीटरहॉफ में मेहमानों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
पीटर हॉफ में परोसे जाएंगे लजीज व्यंजन
न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर होटल पीटर हॉफ में मेहमानों को लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। मेहमानों के लिए फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। मेहमानों को वेज और नॉन वेज व्यंजन परोसे जाएंगे। पीटरहॉफ में मेहमानों के लिए डीजे नाइट का भी खास इंतजाम होगा।
न्यू ईयर इव पर ट्रिपल एच में डाइन एंड डांस
31 दिसंबर की रात होटल हॉली डे होम में मेहमानों के लिए डाइन एंड डांस कंपीटीशन होगा। इस मौके पर हॉली डे होम क्वीन भी चुनी जाएगी। इसके अलावा बेस्ट कपल, बेस्ट डांसिंग कपल, बेस्ट चाइल्ड डांस, बेस्ट ड्रेसड कपल और पेपर एंड बैलून डांस भी आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में मेहमानों को सर प्राइज गिफ्ट और विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।