अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के साथ लगते ब्योलिया में कुत्तों के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। यहां पर लावारिस कुत्ते बच्चों पर हमला बोल रहे हैं। मंगलवार शाम कुत्तों के हमलों से बचने के लिए दो स्कूली बच्चों ने डंगे से छलांग मारकर जान बचानी चाही लेकिन इस बीच दोनों बच्चे चोटिल हो गए। दोनों को उपचार के लिए देर शाम आईजीएमसी लाया गया था, जहां पर चिकित्सकों ने बच्चों को निगरानी में रखा। जानकारी के मुताबिक अनमोल और दीपक स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर की ओर लौट रहे थे। इस बीच लावारिस कुत्ते बच्चों की ओर दौड़ पड़े। इस बीच बच्चों ने बचाव के लिए डंगे से छलांग लगा दी। इससे वे चोटिल हो गए। अनमोल (15) और दीपक (15) को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां बुधवार को दोनों बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि लड़की की बाजू और आंख में चोट आई थी। जबकि, लड़के के शरीर में भी हल्की चोटें आई हैं।
डीडीयू में पहुंच चुके हैं 1260 मामले
जनवरी माह से लेकर सितंबर तक डीडीयू अस्पताल में कुत्तों के हमलों के 1260 मामले पहुंच चुके हैं। इसके अलावा आईजीएमसी अस्पताल में भी यह आंकड़ा पांच सौ पार कर चुका है।
कुत्तों के काटने के बाद अस्पताल में रैबीज का खतरा मरीज को न हो, इसके लिए स्वास्थ्य महकमे की टीम पीड़ित को प्राथमिक उपचार के तौर पर अस्पताल में एआरवी टीका लगवाती है।