शिमला। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा में बुधवार को उपमंडलीय बाल विज्ञान मेले में विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीण कनिष्ठ वर्ग में राजकीय प्राथमिक पाठशाला मझार की संध्या और साक्षी ने पहला स्थान हासिल किया। इसी तरह इस प्रतियोगिता के शहरी (कनिष्ठ) प्रतियोगिता मेें डीएवी स्कूल टुटू के योगेश और उनके क्लब ने बाजी मारी। विज्ञान प्रतियोगिता ग्रामीण (द्वितीय) में रावमापा गुम्मा के प्रणव और रोहण ने पहला स्थान प्राप्त किया। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में सिटी पब्लिक स्कूल कमलानगर ने पहला, प्रेसीडेंसी पब्लिक स्कूल घणाहट्टी ने दूसरा, जबकि रावमापा क्रिसेंट स्कूल टुटू तीसरे स्थान पर रहा। क्रिसेंट स्कूल का शुभम बनियाल मेथामेटिक्स ओलंपियाड में जिला स्तर पर चयनित हुआ है। इस अवसर पर छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में मशोबरा और सुन्नी खंडों के 57 विद्यालयों के 417 बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया। बाल वैज्ञानिक मेले के समापन अवसर पर उद्योग विभाग के महाप्रबंधक योगेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने छात्रों की ओर से पेश की गई प्रस्तुतियों को काफी सराहा। मशोबरा स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. अनीता गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों की ओर से विज्ञान विषय पर पेश की गई प्रस्तुतियों को मुख्य अतिथि को अवगत कराया। मशोबरा स्कूल में बीते दो दिन से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उप शिक्षा निदेशक (प्रारंभिक) राकेश वशिष्ठ ने इसका उद्घाटन किया था।