कॉलेज में हुए 80 लाख रुपये के घोटाले की रिकवरी अब पूर्व प्रिंसिपलों सहित वित्त शाखा के कर्मियों से होगी। मामला हिमाचल के शिमला स्थित एक्सीलेंस कॉलेज संजौली का है। कॉलेज में 80 लाख रुपये का घोटाला हुआ है। इसकी रिकवरी शिक्षा विभाग के कई अफसरों से होगी। कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपलों सहित वित्त शाखा के कर्मियों पर शिकंजा कसने की तैयारी पूरी हो गई है।
एक-दो दिन के भीतर अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान इस मामले को लेकर बड़ा फैसला सुना सकते हैं। राजधानी शिमला स्थित एक्सीलेंस कॉलेज संजौली में 80 लाख रुपये का गबन हुआ है। कॉलेज के विभिन्न बिलों की अदायगी, सामान की खरीद और ग्रांट में यह गोलमाल किया गया है। कॉलेज के सस्पेंड सीनियर असिस्टेंट पर गबन करने का आरोप है।
उच्च शिक्षा निदेशालय के ज्वाइंट कंट्रोलर वित्त की जांच रिपोर्ट में इसका स्पष्ट तौर पर उल्लेख है। ढाई साल से कैश बुक नहीं भरने की शिकायत मिलने पर शिक्षा निदेशालय ने मई महीने में मामले की जांच के आदेश दिए थे। शिकायत की प्रारंभिक जांच के दौरान ही सीनियर असिस्टेंट को सस्पेंड कर दिया था।