शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बुुधवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) शामलाघाट का औचक निरीक्षण किया। संस्थान में पहुंचते ही मंत्री सीधे कक्षाओं में चले गए। इस दौरान कई कक्षाओं से शिक्षक नदारद मिले। मंत्री ने शिक्षकों को कैंपस में घूमते हुए देखा। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को जमकर लताड़ भी लगाई।
संस्थान के परिसर के निरीक्षण के दौरान जगह-जगह फैली गंदगी और शौचालयों की खराब हालत को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षकों को मौखिक चेतावनी देते हुए अपनी कार्य प्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और शिक्षकों से कहा कि यहां शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाता है, मगर यहां की सफाई व्यवस्था की खराब हालत और कक्षाओं के बजाय शिक्षकों के कैंपस में घूमने से लगता नहीं है कि यहां से अच्छे शिक्षक तैयार हो पाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने मौके से राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली को फोन कर संस्थान का निरीक्षण कर उन्हें रिपोर्ट देने के आदेश भी दिए। भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्रों को गुणात्मक शिक्षा देने के लिए वचनबद्ध है।
इसी कड़ी में सरकार ने फैसला लिया है कि शिक्षा क्षेत्र में आ रहे बदलाव के चलते समय-समय पर शिक्षकों को गुणात्मक प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने डाइट में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर भी बल दिया और कहा कि संस्थान की सभी कमियों को शीघ्र पूरा किया जाएगा।
अगस्त में होगा सोलह मील कॉलेज भवन का लोकार्पण
शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अगस्त महीने में सोलह मील (धामी) डिग्री कॉलेज भवन का लोकार्पण करेंगे। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को हर हाल में 31 जुलाई तक भवन का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बुधवार को कॉलेज साइट का निरीक्षण करने पहुंचे शिक्षा मंत्री ने कहा कि अगस्त के पहले सप्ताह में सीएम इसे छात्रों को समर्पित करेंगे। डिग्री कॉलेज भवन में कला संकाय की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने निर्माणाधीन भवन के लिए दो करोड़ रुपये की शेष राशि लोक निर्माण विभाग को जारी करने के भी निर्देश दिए।
कौशल प्रशिक्षण संस्थान का भी किया दौरा
डाइट भवन में चल रहे केंद्र सरकार के राष्ट्रीय महिला कौशल प्रशिक्षण संस्थान का भी शिक्षा मंत्री ने दौरा किया। संस्थान में चलाए जा रहे व्यवसायिक कोर्स के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भविष्य में शिक्षा विभाग व्यावसायिक प्रशिक्षकों और प्रोफेशनल ट्रेनर को इसी प्रशिक्षण संस्थान से प्रशिक्षण दिलवाएगा।