अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के उपनगर नवबहार में सोमवार की रात करीब नौ बजे तेंदुआ देखा गया। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नवबहार क्षेत्र में इससे पहले भी कई बार तेंदुए को सुबह और शाम के समय देखा गया है। छोटे बच्चे, बुजुर्गाें और महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। लोग शाम के समय घर से निकलने से घबरा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि घना जंगल होने के बावजूद वन प्राणी विंग की टीम की ओर से इस क्षेत्र में अभी तक कोई पिंजरा नहीं लगाया गया है। गौरतलब है कि हर साल इस क्षेत्र में सर्दियों के समय तेंदुए की दस्तक बढ़ जाती है। इससे पहले भी इस इलाके के रिहायशी मकानों में जाकर वन प्राणी विंग की टीम ने तेंदुए को पकड़ा था।
जल्द लगाया जाएगा पिंजरा : डीएफओ
डीएफओ इंद्र कुमार ने बताया कि इसके बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो उपरोक्त जगह पर पिंजरा लगा दिया जाएगा।
तेंदुओं को पकड़ने में टीम नाकाम
पिछले दिनों शहर के जाखू, यूएस क्लब, बड़श, भराड़ी, अनाडेल, खलीणी, चक्कर, टुटू आदि क्षेत्रों में भी तेेंदुए की दस्तक की सूचना मिली थी। वहीं, वन प्राणी विंग की टीम ने इन क्षेत्रों में जाकर कई जगह पर पिंजरे लगाए लेकिन अभी तक टीम तेंदुए को पकड़ने में नाकाम साबित रही है।