शिमला। आईजीएमसी सड़क के किनारे फुटपाथ बनाने के लिए नगर निगम ने मुख्य सड़क पर ही निर्माण सामग्री के ढेर लगा दिए हैं। सड़क पर रेत, बजरी और सीमेंट के बैग होने के कारण लोगों के लिए आवाजाही मुश्किल हो गई है। सड़क से होते हुए रोजाना सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं, जिनमें स्कूली बच्चे और मरीज भी शामिल हैं।
आईजीएमसी सड़क पर इन दिनों धूल के गुबार उड़ रहे हैं। सड़क पर निर्माण सामग्री फैली होने के कारण धूल मिट्टी के चलते लोगों को मुंह ढक कर आवाजाही करनी पड़ रही है। गाड़ियां गुजरने पर स्थिति और भी बुरी हो जाती है। आधी सड़क पर निर्माण सामग्री होने के कारण वाहनों की आवाजाही और पैदल चलने वालों के लिए सड़क तंग होने के चलते हादसों का भी खतरा पैदा हो गया है।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता सुधीर गुप्ता ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को तुरंत सड़क की सफाई के निर्देश दे दिए गए हैं और लोगों की सुविधा का खास ख्याल रखने के लिए कहा गया है।