अमर उजाला ब्यूरो
तेलका (चंबा)।
उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत मंजीर के गांव जुसब में बिजली की वोल्टेज अचानक बढ़ने से दो घरों की बिजली वायरिंग, दो कलर टीवी, एक रेफ्रिजरेटर सहित करीब आधा दर्जन अन्य बिजली उपकरण जल गए हैं। घटना रविवार सुबह पेश आई। बिजली बोर्ड ने सूचना मिलते ही मौके पर जाकर बिजली बंद कर दी। इससे हादसा होने से बच गया। जानकारी के अनुसार जुसब के भीलो राम का कलर टीवी और मोबाइल चार्जर, हरी सिंह का कलर टीवी, ओम प्रकाश का सीलिंग फैन, केवल कुमार के घर की वायरिंग, पप्पू कुमार का रेफ्रिजरेटर, पदम राम के घर की वायरिंग, सुनील कुमार का इंडक्शन चूल्हा और हाकम सिंह के घर के बिजली उपकरण जल गए हैं। प्रभावितों ने बताया कि सुबह अचानक ही वोल्टेज बढ़ गई। जब तक वे अपने घर की बिजली बंद करते तब तक बिजली उपकरण जल चुके थे। बिजली का करंट दौड़ने के बाद वह तुरंत घरों से बाहर आ गए और बिजली बोर्ड को इस बारे सूचना दी। मौके पर पहुंची बिजली बोर्ड की टीम ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। प्रभावितों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उन्हें उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
...
शार्ट सर्किट से पेश आई समस्या
विद्युत बोर्ड सलूणी के सहायक अभियंता कुलजीत परमान ने बताया कि तार में शार्ट सर्किट होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि मौके पर भेजी टीम ने स्थिति पर नियंत्रण पाकर तार को बदल दिया है।