सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में चिकित्सक और मरीजों को घट रहा अनुपात, स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है असर
विज्ञापन
50 पद सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के हैं रिक्त अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में ओपीडी और भर्ती होने वाले मरीजों का आंकड़ा बढ़ रहा है। प्रतिदिन औसतन एक हजार तक मरीज अस्पताल में उपचार करवाने के लिए आ रहे हैं लेकिन अस्पताल में रिक्त पड़े डॉक्टरों के पदों के चलते लोग परेशान हैं। लोगों को घंटों ओपीडी के बाहर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।
अस्पताल में 15 से अधिक कंसलटेंट और 50 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के (कुल 65) पद रिक्त हैं। अस्पताल में बढ़ रही ढांचागत सुविधाओं और मरीजों की बढ़ रही संख्या के चलते आने वाले समय में चिकित्सकों की कमी भारी पड़ सकती है। मौजूदा समय में अस्पताल के लिए सीनियर रेजिडेंट के 78 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 50 पद खाली हैं। अस्पताल के हो रहे विस्तार और बढ़ रहे कार्यक्षेत्र तथा जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए भविष्य में चिकित्सकों की कमी से गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। अस्पताल प्रबंधन ने लगातार मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और विभागीय अधिकारियों के समक्ष चिकित्सकों की कमी का मामला उठाया है। इस पर अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी मंडी के माध्यम से सीनियर रेजिडेंट के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की है लेकिन अभी तक राहत नहीं मिल पाई है।
विज्ञापन
जून तक तैयार होगा छात्रावास
चमियाना अस्पताल में मौजूदा समय में सेवाएं दे रहे सीनियर रेजिडेंट एकेडमिक और नॉन एकेडमिक श्रेणी के तीस चिकित्सकों को जून तक परिसर में ही छात्रावास की सुविधा मिल जाएगी। यह रेजिडेंट डॉक्टर वर्तमान में शहर से हर रोज अपने निजी वाहनों और स्टाफ बस से अस्पताल में सेवाएं देने के लिए आते-जाते हैं। इन चिकित्सकों को अस्पताल परिसर में बन रहे बहुमंजिला एडिशनल ब्लॉक में करीब 11 करोड़ की लागत से छात्रावास बनाने का कार्य चल रहा है। जून तक इस एडिशनल ब्लॉक में लैब, ब्लड बैंक के साथ ही टॉप फ्लोर में छात्रावास की सुविधा मिल जाएगी।
कोट
अस्पताल में करीब 15 कंसलटेंट और 50 से अधिक सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के पद रिक्त हैं। बढ़ते काम को देखते हुए चिकित्सकों के रिक्त पदों को समय रहते भरा जाना जरूरी है। सीनियर रेजिडेंट के पदों को भरने के लिए अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी ने प्रक्रिया शुरू की है। -डॉ. सुधीर शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक, चमियाना अस्पताल