इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में रविवार को कुल 33 मरीजों के ही ऑपरेशन हो पाए। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया था कि 70 ऑपरेशन किए जाएंगे। लेकिन रविवार को प्रबंधन का यह दावा सिर्फ खोखला ही साबित हुआ। शुक्रवार को राष्ट्रीय शोक के चलते आर्थो, गायनी, न्यूरोसर्जरी, सर्जरी व ईएनटी के अलावा नेत्ररोग विभाग के ऑपरेशन टाल दिए गए थे। अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया गया था कि दो दिन बाद यानी रविवार को सभी मरीजों के ऑपरेशन किए होंगे। अस्पताल के विभिन्न विभागों के डॉक्टरों ने एनेस्थीसिया के डॉक्टरों के साथ मिलकर सुबह से लेकर शाम तक ऑपरेशन किए, लेकिन इनकी संख्या तैंतीस ही पहुंच पाई।
जबकि अस्पताल की ओटी में नेत्ररोग विभाग के कोई भी ऑपरेशन नहीं किए जा सके। अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया कि विभाग मे शनिवार को सभी ऑपरेशन किए जा चुके। जबकि वार्ड में मरीजों से पूछने पर पता चला कि सोमवार को भी अस्पताल में ऑपरेशन की तारीख दी गई है। इसी तरह आर्थों में शुक्रवार को प्रबंधन द्वारा जारी किए आंकड़ों के मुताबिक 11 ऑपरेशन किए जाने थे। जबकि सुबह से लेकर शाम तक 4 ही ऑपरेशन हो पाए। जबकि अस्पताल में शिलाई, किन्नौर, चंबा, शिमला और सोलन समेत प्रदेश भर के मरीज इलाज करवाने आए हैं। लेकिन कुछ मरीजों के ऑपरेशन न हो पाने के कारण अब उन्हें अगली तारीख में ऑपरेशन किए जाएंगे।
अस्पताल में 33 मरीजों के ऑपरेशन किए गए हैं। जबकि कुछ विभागों ने शनिवार को ऑपरेशन कर दिए हैं। जो मरीज छूट गए हैं, उन सभी को भी अगली तारीखों में एडजस्ट कर दिया जाएगा, जिससे कि उन्हें लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
- डॉ. जनक राज, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक, आईजीएमसी
प्रबंधन के फैसले के खिलाफ थे कई डॉक्टर
अस्पताल में छुट्टी के चलते ऑपरेशन करने के लिए अस्पताल आना पड़ा तो कई वरिष्ठ डॉक्टर भी खफा थे। हालांकि कॉलेज प्राचार्य की ओर से इस बारे में सभी डॉक्टरों को निर्देश जारी कर दिए गए थे और अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी ऑपरेशन करने के बारे में विभागाध्यक्ष और एनेस्थीसिया विभाग को चिट्ठी लिखकर सूचित कर दिया था। बावजूद इनके इस फैसले के बाद कई डॉक्टर खुश नहीं नजर आए। जबकि आईजीएमसी में पहली बार दर्जनों ऑपरेशन रविवार को किए गए।
रविवार को ये हुए ऑपरेशन
आईजीएमसी व केएनएच में कुल 70 ऑपरेशन होने थे। लेकिन रविवार को गायनी के 4, आर्थो के 4, न्यूरोसर्जरी का 1, सर्जरी के 11 और ईएनटी के 5 ऑपरेशन हुए। जबकि शुक्रवार को सर्जरी के 23, आंखों के 16, आर्थो के 11, ईएनटी के 6, गायनी के 4, सीटीवीएस के 2 और पांच अन्य ऑपरेशन टाले गए थे।