हिमाचल को उड़ता पंजाब बनने से बचाने के लिए एक नई पहल शुरू की जा रही है। टीम 13 मेनिया की ओर से शिमला के गेयटी थियेटर में 15 जुलाई को बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष मनीश कश्यप ने बताया कि युवाओं को नशों की ओर जाने से बचाने के लिए यह आयोजन करवाया जा रहा है।
वीरवार को प्रेस कांफ्रेस के दौरान उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को गेयटी थियेटर में बॉडी बिल्डिंग, फैशन, मॉडलिंग और फिटनेस प्रतियोगिता, मेनस क्लासिक और मेनस फिजेक प्रतियोगिता करवाई जाएगी।
प्रतियोगिता में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने अभिनेता एवं फिटनेस आइकॉन ऑफ द ईयर साहिल खान भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा मशहूर बाडी बिल्डर प्रीत कमल और सुनैना सेतिया भी मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से करीब 300 प्रतिभागी के साथ महिला
बॉडी बिल्डरों के भी भाग लेने का दावा किया गया है। जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को स्टेट चैंपियन के खिताब से नवाजा जाएगा। इस अवसर पर संस्था के सदस्य आशीष, साहस, अर्पण, अरुण, अर्नव, नवीन और अर्चित मौजूद रहे।