साढ़े दस बजे रिज पैक, गेट बंद
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में उमड़ा जन सैलाब
छह एलईडी स्क्रीनों पर भी सैकड़ों लोग लाइव देखते रहे कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल के तेरहवें मुख्यमंत्री की शपथ को लेकर साढ़े दस बजे रिज मैदान पैक हो गया। सुरक्षा कर्मियों ने गेट बंद कर लोगों को वापस भेजना शुरू कर दिया। रिज मैदान पर जगह न मिलने के बाद सैकड़ों लोगों ने मालरोड और आसपास की जगहों पर लगाई गई छह एलईडी स्क्रीनों पर शपथ समारोह लाइव देखा।
लोग घरों से सुबह 8 बजे ही रिज मैदान की ओर कूच कर रहे थे। इंदिरा गांधी खेल परिसर, लक्कड़ बाजार और स्कैंडल प्वाइंट की ओर से भारी संख्या में लोगों का हुजूम समारोह में शामिल होने के लिए उमड़ रहा था। शेरे पंजाब से आगे जाने पर बैरिकेड दिखना शुरू हो जाते हैं। यह व्यवस्था सीटीओ तक रहती है। रानी झांसी पार्क से भी रिज तक जाने की व्यवस्था है। सभी प्रवेश द्वाराें से सुबह 9:30 बजे तक रिज पर लगभग सभी कुर्सियां भर चुकी हैं। अब लोग बैरिकेड्स की तरफ खड़े हो जाते हैं। कुछ परिचितों को फोन पर सूचित कर पास के बारे में व्यवस्था जानने की कोशिश करते हैं। कुछ लोग जो समारोह स्थल पर नहीं पहुंच पाते है तो मॉल रोड, स्कैंडल, सीटीओ और एजी चौक पर जाकर वीडियो बनाने के लिए खड़े हो जाते हैं। दोपहर बारह बजे शपथ समारोह होने के बाद समर्थकों ने रिज मैदान पर घेरा डालकर नाटी डाली।
---
बीड़ी, सिगरेट तंबाकू के लगे ढेर
समारोह स्थल पर पहुंचने के लिए तीन मुख्य द्वारों पर लगे छह मेटल डिटेक्टर पर चेकिंग चल रही थी। बीड़ी, सिगरेट, खैनी और कंघियाें के ढेर लगने शुरू हो गए। दोपहर बाद जब शपथ समारोह समाप्त हुआ तो लोगों के पैदल चलने के कारण यह कूड़े का ढेर इधर उधर बिखर गया। जिससे यहां पर कूड़ा फैल गया।
---
पोस्टरों बैनरों, कटआउट से धूमल गायब
शपथ समारोह के दौरान हिमाचल के नए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कटआउट लेकर उनके गृह क्षेत्र के लोग यहां पहुंचे थे। हर पोस्टर बैनरों में पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और नवनियुक्त मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कटआउट लोगों के हाथों में दिखे। वहीं हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का किसी भी समर्थक के हाथों और पोस्टर बैनरों में कट आउट देखनेे को नहीं मिला।