रिकांगपिओ (किन्नौर)।
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक मंगलवार को रिकांगपिओ विश्राम गृह में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश विस उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण जगत सिंह नेगी ने की। उन्होंने साडा क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। नेगी ने रिकांगपिओ साडा क्षेत्र में खराब एलईडी लाइटाें को ठीक करने, फुटपाथ, अस्पताल मोड़ से उपमंडलाधिकारी के आवास तक रास्ता पक्का करने, शिवलिंग व्यू से राजस्व कॉलोनी तक सड़क निर्माण और अस्पताल से बस अड्डे तक की निकासी नाली को जल्द साफ करने के निर्देश दिए।
बैठक में साडा क्षेत्र में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या को कम करने के लिए पशु पालन विभाग से कुत्तों को पकड़ने के लिए छड़ी उपलब्ध करवाने को भी कहा। दो नालू से खवांगी गांव तक साडा क्षेत्र में पड़ने वाले तेलंगी गांव, उप मुहाल शुदारंग और शिवलिंग व्यू से युवारिंगी मंदिर तक के क्षेत्र को सीवरेज लाइन से जोड़ने पर चर्चा की गई। नेगी ने अंबेडकर भवन में कुर्सियों का प्रबंध करने, कल्पा जाने वाली मैक्सियों को समय सारणी रूप में खड़ा करने, टैक्सी/ मैक्सी स्टैंड रिकांगपिओ से निजी वाहनों को हटाने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान उपमंडलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर अवनिंद्र कुमार, उप अधीक्षक पुलिस बीडी भाटिया, चिकित्सा अधिकारी पदम सिंह नेगी, अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता विद्युत बोर्ड अजीत नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एमआर नेगी, उप निदेशक पशु पालन एवं प्रजनन डॉ. कुलदीप कुमार, महाप्रबंधक उद्योग केंद्र सार चंद नेगी, तहसीलदार राजस्व नरपाल चंद्र नेगी आदि उपस्थित रहे।