राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागीपुल के मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने से विद्यार्थियाें को आवाजाही करनी मुश्किल हो गई है। इतना ही नहीं कई पेड़ गिरने के कगार पर हैं। बागीपुल स्कूल को जाने वाले मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने की ऐसी घटना पहले भी दो बार हो चुकी है। पेड़ों के गिरने से पहले भी एक छात्र लहूलुहान हो चुका है। भारी बारिश और लगातार भूस्खलन की वजह से स्कूल के खेल मैदान को भी खतरा बना हुआ है।
स्कूल प्रशासन ने शिक्षा और वन विभाग को भी इस बारे में सूचित किया है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लीला चंद जोशी के अनुसार वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। एसएमसी ने इस समस्या को लेकर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। स्कूल के प्रधानाचार्य निहाल सिंह ठाकुर ने वन विभाग से समय रहते उचित कार्रवाई की मांग की है।