दोफदा पंचायत में ग्रीन वैली युवक मंडल के सौजन्य से खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके चलते वॉलीबाल प्रतियोगिता में दत्तनगर की टीम विजय रही। वॉलीबाल प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने भाग लिया। बास्केटबाल प्रतियोगिता में मतियाना का दबदबा रहा। प्रतियोगिता के समापन पर दोफदा पंचायत की प्रधान आशु देवी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रही। सराहन वार्ड के पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा युवा नेता भूपेश धीमान व अजय राणा विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
बास्केटबाल प्रतियोगिता में 10 टीमों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा लोक नृत्य प्रतियोगिता में महिला मंडल शाह ने बाजी मारी। महिला मंडल शाह ने नाटी और बेहतरीन वेशभूषा से सभी का मन मोह लिया। रस्साकशी में इस बार राईधार मशनू ने जीत दर्ज की। रस्साकशी में दस टीमों ने जोर आजमाइश की। युवक मंडल के अध्यक्ष राहुल हांगटा ने कहा कि खेल प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित की जाती है। हांगटा ने कहा कि वॉलीबाल प्रतियोगिता की विजेता दत्तनगर टीम को ट्रॉफी के साथ 21 हजार की नकद राशि दी गई। बास्केटबाल की विजेता टीम को 12 हजार और ट्रॉफी से नवाजा गया। लोक नृत्य में पहले स्थान पर रहने वाली टीम को तीन हजार व रस्साकशी प्रतियोगिता की विजेता टीम को ढाई हजार रुपये की राशि दी। युवक मंडल के उपाध्यक्ष रविंद्र कायथयान ने कहा कि प्रतियोगिता सफल रही। इस दौरान पंचायत उप प्रधान प्यारेलाल किड्डा भी मौजूद रहे।