फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेयजल टैंकों के सैंपल फेल, वाटर एटीएम से भी नहीं मिल रहा पानी

Thu, 28 Mar 2019 10:29 AM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

शहर में स्टोरेज टैंकों और कई सार्वजनिक नलकों के पेयजल सैंपल फेल होने से शहरवासियों की चिंता बढ़ गई है। आए दिन पानी के सैंपल फेल हो रहे हैं लेकिन जनता के चुने नुमाइंदे व्यवस्था सुधारने की बजाय चुनाव प्रचार में व्यस्त हो गए हैं। वहीं नगर निगम ने स्वच्छ पानी मुहैया करवाने के लिए वार्डों में जो वाटर एटीएम लगाए थे उनसे भी पानी नहीं मिल रहा। संजौली और ढली को छोड़कर बाकी 23 वार्डों में लगाए एटीएम महीनों से बंद पड़े हैं। इन्हें बिजली कनेक्शन न मिलने से चालू ही नहीं किया जा सका है।

विज्ञापन


दावा था कि एटीएम में एक्वॉगार्ड से शुद्ध किया पानी दिया जाएगा। लोग दो रुपये का सिक्का डालकर एक लीटर पानी ले सकते हैं। लेकिन इस योजना की हालत यह हो गई है कि नए एटीएम चालू नहीं हो रहे और जो रिज, ओल्ड बसस्टैंड पर पहले लगाए गए थे वह भी अब ज्यादातर समय बंद पड़े रहते हैं। मालरोड समेत कई सार्वजनिक नलों का पानी पीने योग्य नहीं पाया गया है। इसी तरह, जाखू, न्यू शिमला, तवी, नॉल्जवुड और ढली समेत कई बडे़ टैकों के पानी के सैंपल भी फेल हो चुके हैं।

प्रतिनिधि चुनाव प्रचार में व्यस्त, जनता त्रस्त
नगर निगम में चुने हुए प्रतिनिधि जनता को स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाने की बजाय चुनाव प्रचार में व्यस्त हो गए हैं। पूर्व पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि कई इलाकों में निगम रोज पानी नहीं दे रहा। जहां दे रहा है, वहां सैंपल फेल हो रहे हैं। कहा कि महापौर और उप महापौर चुनाव प्रचार छोड़े और व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दें।
विज्ञापन


टैंकों की हो रही सफाई : महापौर
महापौर कुसुम सदरेट ने कहा कि सभी पेयजल टैंकों की सफाई की जा रही है। इसके अलावा क्लोरीनेशन भी ठीक करने को कहा है। लोगों से अपील है कि पानी उबालकर ही इस्तेमाल करें।

ट्रायल हुआ पर नहीं लगे यूवी प्लांट
नगर निगम ने पानी को शुद्ध करने के लिए अल्ट्रा वायलट ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की योजना बनाई थी। अश्वनी खड्ड में बाकायदा इसका ट्रायल भी किया गया। निगम का दावा था कि यह ट्रायल सफल रहा है और जल्द सभी बड़ी परियोजनाओं में इसे स्थापित किया जाएगा। लेकिन करीब साल बीतने के बाद भी इस योजना का कहीं कोई पता नहीं है। अभी तक एक भी प्लांट नहीं लग पाया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें