तेंदुए की दहशत, टोलियों में रास्ता पार कर रहे लोग
कुफ्टाधार, बड़श, शांकली, भराड़ी, एवर सन्नी और केलटी में सुनाई दे रही तेंदुए की गुर्राहट
कुफ्टाधार सड़क पर गाड़ी के सामने आया तेंदुआ
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के साथ सटे इलाकों में एक बार फिर से तेंदुए दिख रहे हैं। इससे लोगों में दहशत है। मिनी कुफ्टाधार, कुफ्टाधार, बड़श, शांकली, भराड़ी, एवर सन्नी, केलटी और बरमू के आसपास के इलाकों में तेंदुआ घूम रहा है। रात में सुनाई देने वाली तेंदुए की गुर्राहट से लोग दहशत में हैं।
शहर के ऐसे इलाकों में रहने वाले लोग जो जंगलों से घिरे हैं, वहां तेंदुए का खौफ है। शाम ढलने के बाद लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। तेंदुआ पिछले दिनों भराड़ी सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार पर भी हमला कर चुका है। कुफ्टाधार निवासी हरप्रीत सिंह ने बताया कि शनिवार रात जब वह अपने घर जा रहे थे तो अचानक उनकी गाड़ी के सामने तेंदुआ आ गया। तेंदुआ दिखते ही उन्होंने गाड़ी रोक दी। कुछ दूर तक तेंदुआ सड़क पर चलता रहा और फिर सड़क से बाहर कूद गया। कई अन्य लोगों ने भी इस सड़क पर तेंदुआ देखा है। जाखू में भी तेंदुआ देखा जा चुका है। उधर पिछले दिनों कनलोग के पास सीपीआरआई परिसर के भी तेंदुआ पहुंच गया था। यहां तेंदुए ने एक कुत्ते को अपना शिकार बनाया। नवबहार और ढली में भी तेंदुआ दस्तक दे चुका है। तेंदुए के डर से लोग दिन ढलने के बाद अकेले घर की ओर नहीं जा रहे। घर जाते हुए टोलियों में लोग जंगल का इलाका पार कर रहे हैं।
---
दो पिंजरे लगे हैं, जरूरत पड़ी तो ओर भी लगेंगे
कुफ्टाधार के आसपास के इलाकों में तेंदुए की दस्तक की सूचना मिली है। यहां दो पिंजरे लगाए गए हैं। अगर जरूरत पड़ी तो तेंदुए को पकड़ने के लिए ओर भी पिंजरे लगाए जाएंगे।
- इंद्र कुमार गहलोत, डीएफओ शिमला
---
बड़श और कलस्टन में लगे पिंजरों में नहीं फंसा तेंदु्आ
तेंदुए को पकड़ने के लिए कुफ्टाधार के पास बड़श में और भराड़ी के पास कलस्टन में पिंजरे लगाए गए हैं। पिछले कई महीनों से यह पिंजरे यहां लगे हैं लेकिन तेंदुआ इन पिंजरों में नहीं फंसा।