हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से काफी नुकसान हुआ है। परलोग पंचायत के तहत बड़ोडा नाला में पानी के तेज बहाव से 50 मीटर सड़क बह गई। बारिश की वजह से जल शक्ति विभाग की तीन स्कीमों को भी नुकसान पहुंचा है। इसमें मानगढ़- परलोग, जोगी-चराई व भुजड़ा- भरोड़ा पेयजल योजनाएं पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
विज्ञापन
मानगढ़-परलोग पेयजल में आई बाढ़ भी वजह से जल शक्ति विभाग के फील्ड कर्मचारी भी बाल-बाल बच गए, हालांकि कर्मचारियों का सामान बह गया। इसकी सूचना मिलते की परलोग पंचायत की प्रधान गायत्री देवी, उप प्रधान सोमकृष्ण सहित वार्ड सदस्य रक्षा देवी मौके पर पहुंचे। इसके अतिरिक्त करसोग की कई स्थानों में हुई ओलावृष्टि से सेब सहित स्टोन फ्रूट को भी भारी नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश की वजह से जगहों-जगहों पर नालों की वजह से संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। कई जगहों पर नालों में आए भारी मलबे से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।