चौपाल मंडल में सबसे अधिक 24 सड़कें बंद होने से सेब की फसल फंसी
विज्ञापन
ठियोग मंडल में 10 संपर्क सड़कें बाधित
बहाली के कार्य में जुटा लोक निर्माण विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में भारी बारिश से 49 सड़कें पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई हैं जबकि 13 सड़कों पर बड़े वाहनों की आवाजाही थम गई है। यहां छोटे वाहन चल रहे हैं। रविवार रात से जारी भारी बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा आ गया है वहीं कई जगह डंगे गिरने से सड़कों को नुकसान पहुंचा है।
दिनभर सड़कों के अवरुद्ध होने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अपर शिमला के कई क्षेत्रों में संपर्क मार्ग अवरुद्ध होने से सेब की फसल भी फंस गई है। लोक निर्माण विभाग सड़कों को बहाल करने के कार्य में जुटा हुआ है और कई सड़कें बहाल कर दी हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क बहाली का कार्य बाधित हो रहा है। चौपाल मंडल में सबसे अधिक 24 संपर्क सड़कें अवरुद्ध हैं। इसके अलावा ठियोग में 10 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। इन क्षेत्रों में निचले और मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों में सेब तुड़ान का कार्य प्रगति पर है। बागवान सेब की फसल मंडियों में ले जाने की तैयारी कर रहे हैं लेकिन मार्ग अवरुद्ध होने से सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं।
इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध
बारिश के बाद सड़कों पर मलबा आने से तारादेवी-गुंबर, शोघी-मैहली-जुन्गा, रुगड़ा-गवाही-कोहबाग, बंगोरा-कालीहट्टी-बस्ती गुनाना, बल्देयां-धर्मपुर, शिमला-मंडी वाया तत्तापानी, चियोग-धरेच, शोघी-सलाना, फागू-चियोग, आनंदपुर-तारादेवी, छांजलपुल-रेवालपुल सड़क बंद है। इसके अलावा चौपाल-चौकियां-झिकनीपुल, किरी-खाराचैली, नानो कुठार-बासाधार वाया टिक्कर, सलान-अपर कलावन, टिक्कर, बड़ोग-छिनकरधार, छैला-माहौरी-नारकंडा, कशधार-दत्ताना, गुठान-बोहल, रहीघाट-क्यारटू, जलोग-गढेरी, देहा-पुंदर, थरोच-मधाना, टिमवी-लछोग, गुम्मा-बोहर, टिक्करी-धनाट और धारटुआ-मकरोग समेत अन्य सड़कें भी बंद हैं। सड़कें अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मौके पर पहुंच गई है और सड़कों को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। कई सड़कों को शाम तक बहाल कर दिया था। रोहडू़ में सुबह के समय 11 सड़कें अवरुद्ध थीं। इसमें से 10 सड़कों को शाम तक बहाल कर दिया है जबकि एक की बहाली का कार्य जारी था।