इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत जिले की सैकड़ों महिलाओं के बैंक खाते में आएंगी तीन महीने की किस्त डोडरा क्वार और कुपवी क्षेत्र की 2150 महिलाएं होंगी लाभान्वित अशोक चौहान
शिमला। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव से ठीक पहले जिला शिमला की सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं के बैंक खातों में पैसा आएगा। इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत प्रति महिला 15 सौ रुपये दिए जाते हैं। महिलाओं को तीन माह से पैसा नहीं मिला है, ऐसे में महिलाओं को 45 सौ रुपये मिलेंगे। इसके लिए सरकार की ओर से जिला प्रशासन को बजट मिल चुका है। इसे अब जल्द जारी करने की तैयारी है।
ग्रामीण महिलाएं लंबे समय से इस योजना के तहत पैसा मिलने का इंतजार कर रही थीं। खास बात यह है कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में इन दिनों चुनावी सरगर्मियां भी तेज हैं। जिला कल्याण विभाग के अनुसार शिमला जिले के कुपवी और डोडरा क्वार क्षेत्र की 2150 महिलाओं को यह पैसा जारी किया जाएगा। सरकार से कुपवी क्षेत्र की महिलाओं के लिए करीब 95 लाख रुपये का बजट जारी किया है। डोडरा क्वार क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं के लिए 22 लाख रुपये की किस्त जारी हुई है। दोनों इलाकों की सैकडों महिलाओं को पहली जनवरी से 31 मार्च तक की तीन महीने की किस्त एकसाथ जारी की जा रही है। आने वाले दिनों में यह पैसा बैंक खातों में जमा हो जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार इस क्षेत्र की महिलाओं के लिए पहली बार यह भत्ता जारी नहीं किया जा रहा है। पहले भी कुपवी और डोडरा क्वार की महिलाओं के खाते में इस योजना का पैसा जमा हो चुका है। यह निरंतर प्रक्रिया है और इसी के तहत सरकार की ओर से बजट जारी किया है।
विज्ञापन
महज पांच हजार महिलाओं को ही भत्ता
जिला शिमला में अभी करीब पांच हजार महिलाओं को यह इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि के तहत 1500 रुपये मासिक भत्ता दिया जा रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो जिला शिमला में अब तक एक लाख से ज्यादा महिलाओं ने इसके लिए आवेदन किया है। अब सरकार ने नए प्रावधान कर इसमें न्यूनतम आय सीमा की शर्त को भी जोेड़ दिया है। अब दो लाख रुपये वार्षिक आय सीमा का प्रमाण पत्र बनवाने पर ही महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
कुपवी-डोडरा क्वार की महिलाओं को मिलेगा पैसा
इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत कुपवी और डोडरा क्वार की महिलाओं को 1500 रुपये मासिक भत्ता देने के लिए बजट आ गया है। इसे जल्द जारी किया जाएगा। यह पहली बार नहीं है। इन महिलाओं को पहले भी इस योजना की किस्त जारी हो चुकी है। कपिल शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी, शिमला