खस्ताहाल सड़कों से अभी राहत नहीं, अप्रैल में होगी टारिंग
लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते निगम अभी नहीं करेगा टारिंग, सड़कों की मरम्मत पर खर्च किए जाएंगे 8 करोड़
76 सड़कें और रास्तों की मरम्मत कराएगा एमसी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। खस्ताहाल सड़कों और रास्तों से शहरवासियों को अभी राहत नहीं मिलेगी। लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश के चलते शहर में टारिंग और मरम्मत कार्य लटक गए हैं। अब अप्रैल में ही टारिंग शुरू हो पाएगी।
खराब मौसम और कम तापमान को देखते हुए नगर निगम ने मार्च से शुरू होने वाली सड़कों की टारिंग का काम अप्रैल तक के लिए टाल दिया है।
शहर में कुल 76 संपर्क मार्गों और रास्तों को इस साल पक्का किया जाना है। इस पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च होने हैं। उपनगरों में कई सड़कें ऐसी हैं जो खस्ताहाल हो चुकी हैं। पिछले साल नवंबर में नगर निगम ने कुछ सड़कों को पक्का करने का काम शुरू किया था लेकिन बाद में तापमान कम होने के कारण काम रोक दिया गया। बची हुई सड़कों को मार्च में पक्का करने की योजना थी। लेकिन मार्च में भी बारिश और बर्फबारी जारी रहने से अप्रैल तक ही टारिंग संभव हो पाएगी। नगर निगम ने कई कामों के टेंडर भी कॉल कर रखे हैं, लेकिन काम अप्रैल तक ही शुरू हो पाएगा।
इस साल शहर में बनेंगे नए पार्क, पार्किंग
नगर निगम ने इस साल शहर में कई नई पार्किंग और पार्क बनाने का लक्ष्य रखा है। इनके लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। इनमें मेफील्ड के पास तीन माह में पार्क और पार्किंग बनाना शामिल है। इसी तरह ढली जनजातीय भवन के सामने, संजौली में हाउसिंग बोर्ड कालोनी, खलीनी में फौजी ढाबा के पास, घोड़ाचौकी और ढींगूधार के पास पार्किंग बनाने की योजना है। मज्याठ में चक्कर स्कूल के पास पार्किंग और मल्टीप्लेक्स बनाने के लिए भी टेंडर जारी कर दिए गए हैं। ज्यादातर बड़े प्रोजेक्ट अम्रुत मिशन के तहत किए जाने हैं।
अगले महीने ही शुरू करेंगे काम
लगातार जारी बारिश और बर्फबारी को देखते हुए सड़कों की टारिंग अभी संभव नहीं है। अगले महीने तक मौसम सामान्य होने पर ही निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।
-पंकज राय, नगर निगम आयुक्त