शिमला। एचपी यूनिवर्सिटी अब शोधार्थियों और विदेशी छात्रों के लिए अलग हॉस्टल बनाएगा। विवि प्रशासन के साथ हुई एचपी टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में कई मांगों पर सहमति बनी है। विवि प्रशासन शोधार्थियों के लिए अलग हॉस्टल बनाएगा। इसके अलावा विदेशी छात्रों के लिए भी इंटरनेशनल हास्टल बनेगा। अभी इन छात्रों के लिए विवि के पास हास्टल नहीं है। बैठक में शिक्षकों को आवासीय भत्ता के तौर पर एक हजार रुपये देने को भी मंजूरी दी गई। अभी तक शिक्षकों को प्रदेश में कहीं भी जाने पर ठहरने के लिए कोई भत्ता नहीं दिया जा रहा है। इससे सैकड़ों शिक्षकों को लाभ मिलेगा।
विवि के 35 चेयरमैनों को मिलने वाला प्रशासकीय भत्ता भी पांच सौ से बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है। वार्डनों को अब हास्टल के पास ही रहने के लिए आवास की सुविधा भी मिलेगी। इनका मानदेय भी आठ सौ से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया है। एचपीयू आने वाले लोकल एग्जामिनर को भी अब एक हजार रुपये तक का यात्रा भत्ता दिया जा सकेगा। अभी तक दूसरे राज्यों से आने वाले एग्जामिनर के लिए ही यह भत्ता दिया जाता था। हपुटवा के अध्यक्ष प्रो. डीआर ठाकुर ने कहा कि विवि परिसर में एचपीटीडीसी की कैंटीन खोलने के लिए जगह भी चिन्हित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुलपति ने इन मांगों को मंजूरी देते हुए जल्द लागू करने की बात कही है।