शमशी स्थित गदौरी में एक सत्संग में प्रवचन करने जा रहे संत पर अचानक कुछ लोगों ने रॉड से हमला कर दिया। हमले में संत की टांग और बाजू टूट गई है। उन्हें कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर पांच से छह अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित व्यक्ति खेम सिंह निवासी बग्गी, मंडी ने कहा कि वह शमशी स्थित गदौरी में किसी महिला के घर में रखे सत्संग कार्यक्रम में जा रहे थे।
रविवार सुबह करीब दस बजे जैसे ही वह बस से उतरकर गदौरी की ओर पैदल जा रहे थे तो अचानक एक गाड़ी उनके सामने आकर रुकी और उसके अंदर से पांच से छह लोगों ने रॉड से हमला कर दिया। लोगों ने उनके सिर, पीठ, बाजू और टांगों में हमला किया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। पीड़ित व्यक्ति की पहचान 68 वर्षीय परम संत खेम सिंह निवासी बग्गी, मंडी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले लोग मंडी से ही उसका पीछा कर रहे थे। लेकिन रास्ते में उन्हें कोई किसी तरह का मौका नहीं मिला है। हमले का कारण सोलन में किसी गद्दी को लेकर बताया जा रहा है।
डीएसपी कुल्लू आशीष शर्मा ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित संत की शिकायत पर पांच से छह अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्जकर दिया है।
हमला करने के बाद यह सभी लोग मंडी नंबर की एक गाड़ी में फरार हुए है।