अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जोनल अस्पताल डीडीयू से क्लेरिकल स्टाफ की भी ड्यूटियां चुनाव में लगा दी गई हैं। अस्पताल से दो और सीएमओ कार्यालय से पांच कर्मचारियों की ड्यूटियां लगी हैं। एक साथ अस्पताल से क्लेरिकल स्टाफ की ड्यूटियां लगने के कारण अस्पताल में काम प्रभावित हो रहा है।
जोनल अस्पताल डीडीयू शहर के सिटी प्वाइंट पर स्थित है। मरीजों का ब्योरा संबंधी अन्य डाटा भी इन क्लेरिकल स्टाफ के पास होता है। ऐसे में अब चुनावी ड्यूटियां लगने से काम प्रभावित होना लाजिमी है। इन दिनों अस्पताल में कार्य को लेकर आने वाले लोग यहां से मायूस लौट रहे हैं। बताया जा रहा है कि चुनाव खत्म होने के बाद ही स्थिति सामान्य होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला शिमला डॉ. नीरज मित्तल ने बताया कि सीएमओ कार्यालय से सबसे अधिक पांच कर्मचारियों की ड्यूटी चुनावी कार्य में लगाई गई है। क्लेरिकल स्टाफ को जब फोन किया जाता है तो दूसरी ओर से जवाब आता है कि वह चुनावी ड्यूटी की रिहर्सल में व्यस्त हैं। वहीं, कई काम में इतने व्यस्त हैं कि उन्हें फोन उठाने तक का समय नहीं मिल पा रहा है।