शिमला। राजधानी की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छोटा शिमला में जिलाभर से 314 बाल वैज्ञानिक मॉडल, प्रश्नोत्तरी के साथ अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
पहले दिन विज्ञान प्रश्नोत्तरी के कनिष्ठ ग्रामीण वर्ग में अढाल रोहड़ू के छात्रों ने पहला, डीएवी दत्तनगर रामपुर ने दूसरा, मज्झार स्कूल ने तीसरा स्थान पाया। वरिष्ठ वर्ग की विज्ञान प्रश्नोत्तरी में चौपाल स्कूल ने पहला, डीएवी न्यू शिमला ने दूसरा, ठियोग ब्वॉयज स्कूल की टीम ने तीसरा स्थान पाया। विज्ञान स्किट, सर्वे रिपोर्ट के लिए इस साल के स्वच्छ भारत विषय पर कई स्किट पेश किए गए। मैथ ओलंपियाड के कनिष्ठ वर्ग में डीएवी दत्तनगर के आदित्य और अपूर्वा ने पहला, सीनियर वर्ग में डीएवी न्यू शिमला के सार्थक प्रथम रहे।
इससे पहले इस जिला स्तरीय बाल मेले का शुभारंभ बुधवार को शिक्षा निदेशक प्रारंभिक मनमोहन शर्मा ने किया। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि विज्ञान विषय के शिक्षक स्कूलों की साइंस लैब का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। इस तरह के चिन्ड्रन साइंस कांग्रेस में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करें। शिक्षा निदेशक ने इस दौरान जिला स्तर पर चुनकर आए मॉडल की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्रों के मॉडलों की सराहना की। उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा राकेश वशिष्ट ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। जिला समन्वयक राकेश बिष्ट ने बताया कि छात्रों ने विज्ञान, गणित के साथ कई जटिल मुश्किल विषयों के सिद्धांतों पर आधारित मॉडल तैयार कर प्रदर्शित किए हैं। इसके अलावा इसमें प्रश्नोत्तरी और अन्य प्रतियोगिताएं भी करवाई जा रही हैं। विज्ञान मेले का समापन शुक्रवार को होगा। श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर छात्रों का चयन राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के लिए होगा।
आज होगा मेले का समापन
शुक्रवार को बाल मेले का समापन होगा, जिसमें शिक्षा निदेशक उच्च डा. बीएल विंटा मुख्यातिथि हाेंगे, वे विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। इस आयोजन में लाल चंद चंदेल, हरनाम सिंह धर्मा, रमेश बाल्टू, प्रदीप कंवर, राकेश कुमार, राकेश कटवाल, अतुल भैक, खेम चंद, मृदुला, शीतल, निरूपम, सारिका आदि शिक्षकों का अहम योगदान रहा है।