मुख्यमंत्री ने रखी प्रेस क्लब भवन शिमला की आधारशिला
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वीरवार को राज्य सचिवालय से प्रेस क्लब शिमला की ऑनलाइन आधारशिला रखी। प्रेस क्लब का भवन पुरानी सब्जी मंडी में 1.07 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि वे रिपोर्टिंग करते समय और अधिक जिम्मेदारी से अपना दायित्व निभाएं। उन्होंने कहा कि विश्व में सोशल मीडिया के कारण तेजी से आ रहे बदलाव के चलते मीडिया पर और भी अधिक जिम्मेदारी आ गई है। इस अवसर पर राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक और सूचना एवं जन संपर्क विभाग के निदेशक दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि प्रेस क्लब के भवन का निर्माण हिमाचल पर्यटन विभाग द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष हर्ष महाजन और राज्य पर्यटन निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।