नेरचौक (मंडी)। विकास खंड बल्ह में सरकारी पैसे के दुरूपयोग के आरोप में घिरे ट्रोह पंचायत प्रधान को कोर्ट के आदेशों पर संस्पेंड कर दिया गया है। ट्रोह पंचायत निवासी ठाकुर दास ने पंचायत प्रधान दिनेश नायक पर सरकारी पैसे के दुरूपयोग की विभागीय जांच के लिए हाईकोर्ट में शिकायत की थी। इससे पहले यही शिकायत विभाग के पास हुई थी जिस पर विभाग ने आरोपों की जांच की थी। विभागीय जांच में ही प्रधान पर लगे आरोपों की प्रारंभिक पुष्टि हो गई थी, लेकिन प्रधान पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी प्रधान के खिलाफ कार्रवाई न होने की शिकायत हाईकोर्ट में की गई। हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए थे। इस पर प्रधान को सस्पेंड कर दिया गया। आरोपी प्रधान कांग्रेसी नेता बताया जा रहा है।
गत कार्यकाल में किया गबन
शिकायतकर्ता ठाकुर दास ने कहा कि विभागीय जांच में पैसे के दुरूपयोग के आरोप सही साबित हुए थे, लेकिन प्रशासन राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं कर रहा था। इस पर उन्हें हाइकोर्ट जाना पड़ा। उसके बाद अब प्रशासन ने कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि प्रधान ने अपने गत कार्यकाल में सरकारी पैसों का दुरूपयोग किया था जिसकी उन्होंने शिकायत की थी।
जांच में सही साबित हुए आरोप
बल्ह ब्लॉक के अधीक्षक एमपी मिन्हास ने कहा विभाग की जांच में आरोपी प्रधान पर सरकारी संपत्ति के दुरूपयोग के आरोपों की पुष्टि हुई है। इसकी प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी गई थी।
प्रारंभिक जांच में साबित हुए आरोप
डीपीओ मंडी गिरीश शर्मा ने कहा कि ट्रोह पंचायत प्रधान को प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर संस्पेंड किया गया है। मामले की जांच एसडीएम बल्ह कर रहे हैं। शिकायतकर्ता इस मामले को लेकर हाइकोर्ट भी गया था। हाईकोर्ट के आदेशों पर ही प्रधान को संस्पेड किया गया है।
अभी विभागीय जांच पूरी नहीं, मेरे खिलाफ षड्यंत्र : प्रधान
प्रधान दिनेश नायक का कहना है कि यह राजनीतिक षड्यंत्र है। व्यक्ति को चुनाव में हराया था जो इस षड्यंत्र का सूत्रधार है। उन्होंने कहा कि मुझ पर कोई आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं। विभागीय जांच चल रही है। इस जांच के लेट होने की गाज मुझ पर गिरी है। उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला कांग्रेस कमेटी मंडी के प्रधान दीपक शर्मा ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। उसके बाद ही कोई संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।