जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिमला देविंद्र कुमार की अदालत ने सुनाया फैसला, 25,000 रुपये जुर्माना भी लगाया
विज्ञापन
वर्ष 2018 में शोघी के पास दोषी से पकड़ा था चिट्टा अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। चिट्टा तस्करी के एक मामले में अदालत ने दोषी को चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिमला देविंद्र कुमार की अदालत से सभी गवाहों और सबूतों को सुनने के बाद यह फैसला सुनाया है।
अदालत ने दोषी को 25,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना राशि अदा नहीं करने पर दोषी को तीन महीने की अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी। मामला 16 अक्तूबर 2018 का है। एसआईयू की टीम एचसी सुशील कुमार की अगुवाई में तारादेवी-शोघी क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग करने गई थी। इसी दौरान रात 7:45 बजे सोलन की ओर से एक निजी बस शोघी बस स्टैंड पर रुकी। बस से कुछ यात्री बाहर उतरे। इसमें एक युवक भी शामिल था जिसके हाथ में हल्के रंग का कैरी बैग था। युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और उसने कैरी बैग फेंककर भागने की कोशिश की। पुलिस ने शक के आधार पर उसे मौके पर ही दबोच लिया। युवक नाम पूछने पर उसने रवि कुमार बताया।
विज्ञापन
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कैरी बैग उठाया और उसे खोलने पर उसमें एक प्लास्टिक का बैग निकला। इसमें बीड़ी का एक रैपर था और रैपर में एक प्लास्टिक पाउच मिला। इसमें हल्के भूरे रंग का पदार्थ। इसके अलावा पॉलिथीन के पैकेट में एक वजन मशीन भी बरामद की गई। आरोपी से पूछताछ और अनुभव के आधार पर यह चिट्टा पाया गया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन की मदद से वजन किया तो यह 12 ग्राम पाया गया। पुलिस ने चिट्टे और वजन मशीन को नियमों के तहत सीलबंद किया और आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपपत्र अदालत के समक्ष पेश किया।
अदालत ने सभी गवाहों और तथ्यों के आधार पर अभियुक्त को चिट्टा तस्करी के मामले में दोषी करार दिया है। अदालत ने दोषी को चार साल के कठोर कारावास और 25,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। नशा तस्करी के मामलों में सरकार और पुलिस की सख्ती के साथ ही अदालत भी ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी सजा सुना रही है, जिससे प्रदेश में नशा तस्करी का नेटवर्क ध्वस्त हो सके और नशा तस्करी करने वालों को कड़ी सजा मिल सके।