हिमाचल सरकार ने राज्य के लाखों नियमित कर्मचारियों के लिए चार फीसदी अंतरिम राहत देने की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश में कार्यरत आईएएस अधिकारियों को छोड़कर यह राहत तमाम नियमित कर्मचारियों को दी जाएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसकी घोषणा 15 अगस्त 2018 को इंदौरा में हुए राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में की थी। सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार इस अंतरिम राहत को बेसिक वेतन के साथ चार प्रतिशत की दर से जारी किया जाएगा।
यह लाभ एक जुलाई 2018 से दिया जा रहा है। इसे अगस्त महीने के एक सितंबर में देय वेतन के साथ दिया जाएगा। 20 अगस्त को इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। 15 अगस्त को ही लाखों पेंशनरों को भी अंतरिम राहत देने की घोषणा की गई थी।
सूत्रों ने बताया कि इसकी भी जल्दी ही अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इसे भी सोमवार शाम या मंगलवार तक जारी किया जाना था। पेंशनरों को भी यह लाभ अगस्त महीने की पेंशन के साथ दिया जाना है।