पीएम ऊषा और रूसा योजना के तहत विवि को मंजूर हुए 143 करोड़ रुपये
बहुमंजिला भवन पर खर्च होंगे 8.61 करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने पीएम ऊषा (प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान) और रूसा योजना के तहत 143 करोड़ रुपये मंजूर होने के बाद विकास कार्यों को गति दे दी है। इस राशि में से विवि प्रशासन को 39.5 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं।
अब विवि प्रबंधन की कोशिश है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू होने से पहले बुनियादी ढांचे को दुरुस्त कर लिया है। विवि ने छात्रावासों के मरम्मत कार्य को भी शुरू करवा दिया है। विश्वविद्यालय 16 फरवरी से खुलने जा रहा है। इससे पहले प्रशासन ने अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि शैक्षणिक गतिविधियों पर कोई असर न पड़े। विवि परिसर में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट बहुमंजिला भवन के निर्माण है। इस पर करीब 8.61 करोड़ खर्च होंगे। इस भवन की बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा, कक्षाएं, विभागीय कार्यालय और ऊपर की मंजिल पर बहुउद्देशीय हाल बनेगा। इसके पूरा होने के बाद चार विभागों को यहां स्थानांतरित किया जाएगा। अभी यह तय नहीं कि इस भवन में कौन-कौन विभाग शिफ्ट होने हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर में पुराने भवनों की छतों, कक्षाओं और कार्यालयों का मरम्मत कार्य भी जारी है। कई जगह बिजली, पानी और ड्रेनेज से जुड़े कार्यों को करवाया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि 2026-27 सत्र शुरू होने से पहले अधिकतर जरूरी काम पूरे कर लिए जाएं और शिक्षण कार्य सुचारु रूप से चल सके।
छात्रावास पर खर्च होंगे 2.34 करोड़
विश्वविद्यालय परिसर के छात्रावासों का मरम्मत और सुधार कार्य भी तेजी से चल रहा है। गिरि गंगा छात्रावास की मरम्मत पर करीब 96 लाख और ईरावती छात्रावास पर 93 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा श्रीखंड छात्रावास के सुधार के लिए 45 लाख रुपये का प्रावधान किया है। इन कार्यों में कमरों की मरम्मत, छतों की दुरुस्ती, शौचालय और बाथरूम का सुधार, पानी की पाइप लाइन और बिजली व्यवस्था को ठीक करना शामिल है। प्रशासन का लक्ष्य है कि नए सत्र से पहले छात्रावासों को बेहतर हालत में तैयार किया जाए।