कॉलेज परीक्षाएं शुरू होने से पहले शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को विशेष अभियान में 12 हजार विद्यार्थियों सहित कुल 34 हजार ने वैक्सीन लगाई। 17 हजार अभिभावक और 2762 शिक्षक भी इसमें शामिल हुए। मंगलवार को भी प्रदेश के स्कूल और कॉलेजों में बनाए गए 200 केंद्रों में वैक्सीन लगाई जाएगी।
कॉलेजों में एक जुलाई से फाइनल ईयर की परीक्षाएं शुरू होनी है। ऐसे में शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं से पहले सभी पात्र विद्यार्थियों सहित शिक्षकों और गैर शिक्षकों के लिए सोमवार को वैक्सीन अभियान चलाया। इस दौरान कॉलेजों के 7197 विद्यार्थियों, 410 शिक्षकों, 282 गैर शिक्षकों, 18 अंशकालिक जलवाहकों और 1525 अभिभावकों ने वैक्सीन लगवाई। कॉलेजों में सोमवार को कुल 9432 वैक्सीन लगाई गई।
इसके अलावा स्कूलों में 2352 शिक्षकों, 620 गैर शिक्षकों, 435 अंशकालिक जलवाहकों, 357 मिड डे मिल वर्करों, 18 वर्ष से अधिक आयु के 4868 विद्यार्थियों, 16168 अभिभावकों ने वैक्सीन लगाई। सोमवार को प्रदेश के स्कूल-कॉलेजों में कुल 34232 वैक्सीन लगाई गई। इसमें 17693 अभिभावक, 12065 विद्यार्थी, 357 मिड डे मिल वर्कर, 451 अंशकालिक जलवाहक, 902 गैर शिक्षक और 2762 शिक्षक शामिल हुए।
वैक्सीन लगाने में कांगड़ा जिला रहा अव्वल
वैक्सीन लगाने में सोमवार को कांगड़ा जिला अव्वल रहा। जिले के स्कूल-कॉलेजों में कुल 9631 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। शिमला में 4605, ऊना में 3391, चंबा में 2303, कुल्लू में 1221, बिलासपुर में 552, हमीरपुर में 658, किन्नौर में 13, मंडी में 933, सोलन में 756, सिरमौर में 737 को वैक्सीन लगाई गई।