अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के कई इलाकों में आज भी पानी नहीं आएगा। बिजली गुल होने से पेयजल परियोजनाओं में पंपिंग ठप हो गई है। शुक्रवार दोपहर एक से लेकर चार बजे तक गिरि और गुम्मा परियोजना में बिजली न होने से पानी की सप्लाई बंद रही।
शहर की दो बड़ी परियोजनाओं से पानी न आने के बाद शनिवार को कई इलाकों में पानी नहीं दिया जाएगा। शुक्रवार को समरहिल, भट्ठाकुफर, गाहन, नेरीधार, मज्याठ, भराड़ी, कसुम्पटी, न्यू शिमला, कनलोग आदि इलाकों में पांचवें दिन भी पानी नहीं आया। शहर को कुल 21.17 एमएलडी पानी की सप्लाई मिली है। समरहिल पार्षद शैली शर्मा का कहना है कि उनके वार्ड में पांच दिन से पानी नहीं आया। टैंकर को फोन किए तो वो भी नहीं आ रहे। मज्याठ पार्षद दिवाकर शर्मा ने कहा कि उनके इलाके में भी पांच और छह दिन से पानी नहीं आ रहा। पार्षद तनुजा चौधरी के अनुसार अपर और लोअर चेप्सली में पांच दिन से पानी की बूंद नहीं। लोग लगातार शिकायतें कर रहे हैं।
दस दिन से पानी नहीं: समिति
नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष हाकम सिंह ठाकुर का कहना है कि भट्ठाकुफर के गाहन इलाके में दस दिन से पानी नहीं आ रहा। लोगों को नहाने और शौचालय जाने तक के लिए पानी नसीब नहीं हो रहा। यहां निगम के टैंकर भी नहीं पहुंच रहे हैं। पूर्व पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि वार्ड के कई इलाकों में निगम पानी की सप्लाई नहीं दे रहा।