परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भानुपल्ली-बिलासपुर-मनाली-लेह रेल लाइन के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसी ने सेटेलाइट इमेज प्रणाली से 22 सर्वे करवाए गए हैं। विश्व की सबसे ऊंची इस रेल लाइन पर 30 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके लिए रडार की मदद से भी सर्वे होगा। यह लाइन 475 किलोमीटर लंबी होगी। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने यह जानकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग से रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने अधिकारियों को इस लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण सहित अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल लाइन पर मलबा गिरने की घटनाओं को रोकने के लिए मंत्री ने रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी सुरक्षा इंतजाम जैसे पैरापिट व बाउंड्री वॉल बनाना सुनिश्चित किया जाएगा। ऊना-तलवाड़ा रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण और वन विभाग से जुड़ी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया जाएगा। रोपवे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (आरपीडीसी) के मुख्य महाप्रबंधक अजय शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।