जरूरतमंद सैनिकों की मदद के लिए ऊना जिला की शीला देवी आगे आईं हैं। सैनिक कल्याण विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को जिला ऊना के गांव पिपलू की एक महिला ने फ्लैग डे फंड में 30,000 रुपये की धनराशि जमा करवाकर मिसाल पेश की है।
विभाग को इससे पहले किसी ने भी इतनी बड़ी धनराशि की मदद नहीं की है। शीला देवी पत्नी स्वर्गीय कैप्टन जगदीश चंद शर्मा ने सराहनीय काम किया है। शीला देवी ने कहा कि वह हर साल अपनी एक माह की पेंशन विभाग के पास जमा करवाएगी।
शीला के साथ उनकी बहू भी आईं थीं। उनकी बहू प्रोमिला देवी ने कहा कि उनकी सास काफी दिनों से सैनिक कार्यालय में सहायता राशि देने की सोच रही थीं।
उधर, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक बिग्रेडियर एसके वर्मा ने फ्लैग डे फंड में 30000 रुपये जमा करवाने पर शीला देवी का आभार व्यक्त किया। वर्मा ने कहा कि इस धनराशि को जरूरतमंद सैनिकों की मदद के लिए प्रयोग में लाया जाएगा।