पुलिस ने एचपीयू परिसर में बढ़ाई सुरक्षा अमर उजाला ब्यूरो शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में एसएफआई और एबीवीपी के बीच विवाद फिर बढ़ गया है। विवि परिसर में एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच बुधवार को हुई झड़प और सुरक्षा कर्मियों से हाथापाई के मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
एचपीयू परिसर में छात्र संगठनों के बीच विवाद की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है। पहला मामला एचपीयू के सुरक्षा कर्मी गीता राम ने दर्ज करवाया है। इसमें आरोप लगाए हैं कि वह 9 अप्रैल को यह ड्यूटी पर मौजूद थे। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और लकड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी की है।
दूसरे मामले में रक्षा ने शिकायत दर्ज करवाई कि अदिति और अमन ने उसका रास्ता रोककर मारपीट तथा गाली-गलौज की। तीसरे मामले में अमन अदिति ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपनी कक्षा से बाहर आ रही थीं तो एसएफआई की कार्यकर्ताओं रक्षा, पूजा और वंदना समेत अन्यों ने उसका रास्ता रोककर बदतमीजी तथा जान से मारने की धमकियां दीं। छात्र संगठनों में एक बार फिर विवाद गहराने से परिसर का माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया है। इससे पहले भी दोनों छात्र संगठनों में खूनी झड़प हुई थी जिसमें कई छात्रों को गंभीर चोटें आई थीं।