रामचंद्र चौक में 8.72 करोड़ से होगा कार्य, डीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में छह प्रस्ताव पारित
विज्ञापन
लाॅ विवि के पास भूस्खलन रोकने पर खर्च होंगे 10.74 करोड़ अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला में बरसात के दौरान हुए भारी भूस्खलन से जगह-जगह उत्पन्न खतरे से बचाव के लिए मरम्मत कार्यों के छह प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। डीसी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में चर्चा के बाद यह स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें 29.49 करोड़ के कार्य शिमला शहर में होंगे।
रामचंद्रा चौक से हेनॉल्ट पब्लिक स्कूल, रामचंद्रा चौक से हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी जाखू तक सिंकिंग जोन में राहत कार्य के लिए 8.72 करोड़ रुपये और नेशनल लाॅ विश्वविद्यालय के पास भूस्खलन रोकने के लिए 10.74 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया गया है। कश्यप ने बताया कि कार्ट रोड-अनाडेल सड़क के मरम्मत कार्य पर 8 करोड़ 55 लाख 60 हजार रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही कसुम्पटी में रझाना के पास स्लोप प्रोटेक्शन के लिए 1 करोड़ 48 लाख 49 हजार रुपये से कार्य किया जाएगा। कुमारसैन के तहत मंगसू मार्ग पर भूस्खलन रोकने के लिए 1.50 करोड़ और पंडार कैंची-चटोग में 1.99 करोड़ के कार्य के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इन सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर दी है और अब यह प्रस्ताव राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को स्वीकृति के लिए भेजे जाएंगे।
अनुपम कश्यप ने कहा कि जिले में आपदा के कारण जहां पर नुकसान होने का खतरा बढ़ गया है। पहले जहां पर आपदा हो चुकी है, उसे रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से एस्टीमेट तैयार करवाए गए थे। छह कार्यों को जिला स्तर पर मंजूरी दे दी गई है और अब यह कार्य मंजूरी के लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजे जाएंगे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंघल, एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। गौरतलब है कि शिमला शहर में बरसात के दौरान भारी नुकसान हुआ है। कई जगह भूस्खलन होने से सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है।