सुंदरनगर (मंडी)। वन विभाग की टीम ने मंगलवार को जयदेवी बीट में नाके के दौरान एक वाहन से देवदार के 29 स्लीपर बरामद किए हैं। बरामद लकड़ी की कीमत करीब 1.65 लाख रुपये आंकी गई है। वन विभाग की टीम ने वाहन समेत लकड़ी को जब्त कर आरोपी चालक को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस थाना बीएसएल कालोनी में वन विभाग के राम लाल ने मामला दर्ज करवाया है।
वन विभाग के वनरक्षक अवनीश सैनी, रितेश शर्मा, कुसुम कुमार और वन मित्र राहुल चौहान गश्त पर थे। रात करीब 12 बजे वाहन पलौहटा की तरफ आ रहाव था। कर्मचारियों ने वाहन को रुकने का इशारा किया।
इस पर चालक ने गति और तेज कर दी। कुछ दूरी पर वन विभाग की टीम ने वाहन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन में देवदार के 29 स्लीपर पाए गए। चालक लकड़ी के दस्तावेज नहीं दिखा पाया। वन विभाग के कर्मचारियों ने लकड़ी और वाहन को जब्त कर आरोपी तारा चंद निवासी छडयारा, पांगणा को पुलिस के हवाले कर दिया है। उधर, वन मंडलाधिकारी सुकेत राकेश कटोच ने बताया कि मंगलवार देर रात जय देवी बीट में वाहन से 29 देवदार के स्लीपर बरामद किए गए हैं। संवाद