मेडिकल टेकनोलाजिस्ट स्टूडेंट एसोसिएशन ने वीरवार को आईजीएमसी के अटल सभागार में वार्षिक फेस्ट ‘इंफ्यूजन’ आयोजित करवाया। आईजीएमसी के प्राचार्य डॉ. रविचंद शर्मा ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। दोपहर बाद शुरू हुए कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से की।
कार्यक्रम में 18 सितंबर 2016 में उरी में आतंकियों द्वारा निहत्थे जवानों पर किए हमलों का दर्द भी छलका। नाटक के माध्यम से बताया कि कैसे सोते हुए जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग कर जवानों और उनके परिवार को सदमा दिया। इसके बाद बताया कि सर्जिकल स्ट्राइक से शहादत का बदला लेकर सेना के जवानों ने कैसे करारा जवाब दिया। कार्यक्रम में ढोल बाजे ढम ढम... पर राजस्थानी नृत्य और चांद छुपा बादल में... जैसे रोमांटिक गानों पर कपल डांस की प्रस्तुतियां भी सराहनीय रहीं।
इसके अलावा पहाड़ी गाने पानी री टंकी.... शिमला वालिये... पर हनीष ठाकुर, मानवी कटोच, कपिल ठाकुर, अखिल, पुनीता, प्रिया, कार्तिक, विशाल, विनायक, तेजिंद्र, अविनाश राणा, तमन्ना और अथर्वी ने दमदार प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर डेंटल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आशु गुप्ता, डेंटल कॉलेज के एमएस डॉ. नरबीर ठाकुर, नर्सिंग अधीक्षक कमला शुक्ला, स्टाफ सलाहकार नीरज परिहार, शैक्षणिक सलाहकार सतीश ओमटा, आईजीएमसी कर्मचारी महासंघ के महासचिव रजनीश पूनिया, एमटीएसए अध्यक्ष कपिल ठाकुर, कर्मचारी नेता हरिंद्र मेहता और विनोद चौहान मौजूद रहे।
कॉलेज प्राचार्य ने टॉपर को किया सम्मानित
बीएससी मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट लैब की टॉपर मनीषा गुलेरिया, ओटी अंकिता, रेडियोलॉजी से मोनिका को सम्मानित किया गया। इसके अलावा एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह, रेडियोलॉजिस्ट विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव शर्मा, बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुदर्शन और प्रिंसिपल पीए पवन हांडा भी सम्मानित किए गए।
स्टूडेंट की विकेशन पर बुलाएंगे बैठक
इंफ्यूजन कार्यक्रम में लेक्चरर सतीश ओमटा ने कॉलेज प्राचार्य के समक्ष पैरामेडिक स्टूडेंट की विकेशन, हॉस्टल सुविधा और लेक्चरर तथा ट्यूटर के खाली पदों को भरने की मांग की गई। इसके बाद कॉलेज प्राचार्य डॉ. रविचंद शर्मा ने विकेशन को लेकर एकेडमिक काउंसिल की बैठक बुलाने की बात कही। कहा कि हॉस्टल सुविधा और खाली पदों को भरने का मामला चुनाव आचार संहिता के बाद सरकार के समक्ष रखा जाएगा।