हिमाचल दिवस पर रिज पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पेश सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिमाचली संस्कृति के विभिन्न रंग देखने को मिले।
चूड़ेश्वर लोक नृत्य मंडल सिरमौर ने 500 वर्ष पुराना सिहंटू नृत्य पेश किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खलीनी की छात्राओं ने शिमला की नाटी और मांडव्य कला मंच मंडी ने लुड्डी डाली। महासू युवक मंडल चौपाल ने पहाड़ी नाटी, पोर्टमोर की छात्राओं ने चम्बयाली नृत्य, डांसिंग ड्रीम अकादमी मनाली ने कुल्लवी नाटी और एकलव्य कला मंच ने मतदान पर नाटक प्रस्तुत किया। नाटक में लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
हिमाचल दिवस कार्यक्रम के दौरान हुई भव्य परेड की अगुवाई डीएसपी शक्ति सिंह ने की। इनके अलावा फर्स्ट प्लाटून जुन्गा के दस्ते की अगुवाई सब इंस्पेक्टर मुनीश कुमार, जिला पुलिस शिमला के दस्ते की अगुवाई सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार, सेकेंड प्लाटून जुन्गा की अगुवाई सब इंस्पेक्टर योगेश, पांचवीं आईआरबी महिला दस्ते की अगुवाई लेडी सब इंस्पेक्टर डिंपल, हिमाचल होमगार्ड पुरूष दस्ते की अगुवाई सुनील दत्त शर्मा, हिमाचल होमगार्ड महिला दस्ते की अगुवाई पुष्पा, ट्रैफिक पुलिस दस्ते की अगुवाई सब इंस्पेक्टर नारायण सिंह, एनसीसी ब्वॉयज की अगुवाई रितिक राजगीर, एनसीसी गर्ल्स की अगुवाई एलिजा नेगी, एनएसएस ब्वॉयज की अगुवाई संयम सिंह, एनएसएस गर्ल्स की अगुवाई समीक्षा शर्मा, स्काउट एंड गाइड ब्वॉयज की अगुवाई करण शर्मा, स्काउट एंड गाइड गर्ल्स की अगुवाई कृतिका रावत ने की। हिमाचल पुलिस बैंड की अगुवाई एएसआई रघुवीर सिंह और होम गार्ड बैंड की अगुवाई जितेंद्र कुमार ने की।
मधु मक्खियों के आने से मचा हड़कंप
राज्यपाल आचार्य देवव्रत 11:18 बजे जब हिमाचल दिवस पर संबोधन कर रहे थे तो एकाएक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां चर्च की दिशा से रिज मैदान पर पहुंच गईं। हालांकि महज दो मिनट बाद ही बिना किसी को नुकसान पहुंचाएं मधुमक्खियां गायब हो गईं लेकिन बड़ी संख्या में मधुमक्खियों के आने से लोगों में हड़कंप मच गया।