शिमला। कार्ट रोड से माल रोड को जोड़ने वाली एचपीटीडीसी लिफ्ट आज यानी सोमवार से चार दिन के लिए फिर बंद हो जाएगी। नई लिफ्ट के निर्माण कार्य के चलते सुरक्षा के लिहाज से पर्यटन विकास निगम ने पुरानी लिफ्ट को 22 नवंबर तक बंद रखने का फैसला किया है। पिछले हफ्ते वीरवार और शुक्रवार को भी लिफ्ट बंद रखी गई थी। 23 नवंबर से लिफ्ट स्थायी तौर पर बहाल होगी। हालांकि, अगर नई लिफ्ट का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता है तो इसे कुछ और दिन के लिए भी बंद रखा जा सकता है। हालांकि, लिफ्ट बंद रहने से बाहरी राज्यों से शिमला पहुंचे सैलानियों और ऑफिस आने जाने के लिए लिफ्ट इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों और कारोबारियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। गौरतलब है कि कार्ट रोड से माल रोड के लिए बन रही नई लिफ्ट का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। स्टेज वन और स्टेज टू पर स्ट्रक्चर का काम पूरा होने के बाद लिफ्ट इंस्टालमेंट का काम जोर शोर से चल रहा है। दोनों स्टेजों पर मशीन रूम बन कर तैयार हैं और छत डालने का काम चल रहा है।