हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लोहली खड्ड में नहाने गए एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने जीजा के साथ खड्ड में नहाने निकला था। पैर फिसलने से युवक पानी में गिर गया और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक कुमार पुत्र सरवन कुमार निवासी ग्राम बदुही डाकघर पातका के रूप में हुई हैं। युवक को खड्ड में डूबता देख उसके जीजा मदद के लिए चिल्लाने लगा।
ग्रामीण चिल्लाने की आवाजें सुनकर मौके पर पहुंच गए और युवक को कड़ी मशक्कत के बाद खड्ड से बाहर निकाल कर पीएचसी समोट पहुंचाया। यहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अशोक कुमार दो दिन पहले ही अपनी बहन के घर आया था। शुुक्रवार को वह अपने जीजा के साथ लोहली खड्ड में नहाने के लिए गया। यहां उसका अचानक पैर फिसला और वह गहरे पानी में डूब गया। मृतक के पिता ने बेटे की मौत पर कोई भी संदेह न करते हुए एसडीएम भटियात से पोस्टमार्टम न करवाने का आग्रह किया।
एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार सिहुंता ने पीएचसी समोट में पहुंच कर बिना पोस्टमार्टम शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। नायब तहसीलदार सिहुंता भूपेंद्र कश्यप ने लोहली खड्ड में युवक का पैर फिसल कर डूबने से मौत होने की पुष्टि की है। डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने कहा कि लोहली खड्ड में युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर भादंसं 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई।