हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के धौलाधार और ब्यास परिसर का एक ही दिन 21 फरवरी को शिलान्यास होगा। मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर पहले धर्मशाला के जदरांगल में एक बजे सीयू के धौलाधार परिसर का शिलान्यास करेंगे, उसके बाद 4 बजे देहरा में ब्यास परिसर की नींव रखेंगे।
मंगलवार को उपायुक्त कांगड़ा ने देहरा में केंद्रीय विवि के लिए चयनित जमीन में शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जायजा लिया। दूसरी ओर जदरांगल में एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रामोत्रा की अगुवाई में राजस्व विभाग, केंद्रीय विश्वविद्यालय की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया।
कांगड़ा जिला प्रशासन बुधवार 13 फरवरी को दोनों तरफ की तैयारियों की स्टेटस रिपोर्ट प्रदेश सरकार को सौंपेगा। जदरांगल में लगभग 700 कनाल भूमि सीयू के नाम की गई है, जो पहले मानव संसाधन मंत्रालय के नाम की थी। उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने बताया कि दोनों जगह शिलान्यास की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एक ही दिन जदरांगल और देहरा में शिलान्यास कार्यक्रम हाेंगे।